संस्कार और शिक्षा के संगम से बच्चों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य, सुबह 8 से 9 बजे तक निशुल्क आयोजन
भिलाई, 02 मई 2026 शनिवार, भिलाई तीन, सुभाष चौक, स्थित स्वामी विवेकानंद पब्लिक स्कूल में शनिवार को देव संस्कार केन्द्र द्वारा समर कैंप का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें विद्यालय परिवार के सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
उद्घाटन अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या उर्वशी वर्मा सहित गीतेश्वर देवांगन, आशा साहू, सीमा साहू, लता सोनी, मिथलेश वर्मा एवं रामेश्वर निर्मलकर की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन स्वयं प्राचार्या उर्वशी वर्मा द्वारा किया गया।

इस अवसर पर प्राचार्या ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार देना अत्यंत आवश्यक है, जिससे बच्चों का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास संतुलित रूप से हो सके। उन्होंने बताया कि देव संस्कार केन्द्र का उद्देश्य बच्चों में नैतिक मूल्यों का विकास करना है, ताकि वे जीवन में सही दिशा पाकर अच्छे व्यक्तित्व के साथ आगे बढ़ सकें।

समर कैंप के अंतर्गत बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसमें डांस, पेंटिंग, देशभक्ति गीत, ॐ का उच्चारण, ज्ञानवर्धक बातें तथा खेलकूद जैसी गतिविधियाँ शामिल हैं, जिससे बच्चों की प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा।
जय मां शीतला बाल कल्याण विकास समिति द्वारा जानकारी दी गई कि संस्कार केन्द्र एवं समर कैंप प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9 बजे तक शाला परिसर में आयोजित किया जाएगा और यह पूर्णतः निशुल्क रहेगा। विद्यालय ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों एवं आसपास के बच्चों को इस पहल से जोड़ें, ताकि अधिक से अधिक बच्चे इसका लाभ उठा सकें।


