भिलाई में बढ़ती वारदातें: आपसी रंजिश में टंगिया से युवक की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

सुपेला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित, खुर्सीपार पुलिस जांच में जुटी

भिलाई, भिलाई में हत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। ताजा मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है, जहां आपसी रंजिश के चलते एक युवक की टंगिया मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई।

बहस के बाद सुबह किया हमला
मृतक की पहचान विक्रम सोना के रूप में हुई है, जो फेब्रिकेशन का काम करता था। परिजनों के अनुसार आरोपी के साथ विक्रम की किसी बात को लेकर पहले बहस हुई थी। बुधवार सुबह आरोपी फिर झगड़ा करने लगा और गुस्से में टंगिया से विक्रम पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत
हमले में गंभीर रूप से घायल विक्रम को परिजन लहूलुहान हालत में सुपेला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
घटना की सूचना मिलते ही खुर्सीपार पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को तत्काल हिरासत में ले लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है।

खुर्सीपार थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

इलाके में दहशत
लगातार हो रही हत्या की वारदातों से भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Share This Article