शराब पीकर हंगामा, नगर निगम के दो कर्मी निलंबित

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई,  नगर पालिक निगम में पदस्थ दो राजस्व अधिकारियों पर शराब के नशे में अनुशासनहीनता और अभद्र व्यवहार के गंभीर आरोप सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्राप्त शिकायतों और जांच में आरोपों की पुष्टि के बाद की गई।

नगर पालिक निगम रिसाली के राजस्व उप निरीक्षक किशोर कुमार रामटेके के विरुद्ध 16 अप्रैल 2026 को वार्ड क्रमांक 35 डुंडेरा पश्चिम क्षेत्र से शिकायतें प्राप्त हुई थीं। आरोप है कि उन्होंने कार्यालयीन समय में टंकी कार्यालय परिसर में शराब के नशे में कर्मचारियों के साथ शोर-शराबा किया और अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इस दौरान उन्होंने कर्मचारी संघ से जुड़े कर्मचारियों के सामने अपमानजनक टिप्पणियां भी कीं, जिससे कार्यालयीन कार्य प्रभावित हुआ और वातावरण तनावपूर्ण हो गया। जांच में उनका आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया।

इसी तरह, राजस्व निरीक्षक मंगल प्रसाद कुर्रे के खिलाफ भी गंभीर शिकायतें सामने आईं। वायरल वीडियो और स्थानीय नागरिकों व फुटकर व्यापारियों की शिकायतों के अनुसार, उन्होंने नशे की हालत में गाली-गलौज, अभद्रता और भयादोहन किया तथा सामान लेकर भुगतान नहीं करने जैसे आरोप लगे। इस संबंध में उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उनका जवाब असंतोषजनक पाया गया।

दोनों मामलों को गंभीर कदाचार मानते हुए निगम प्रशासन ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगर निगम रिसाली कार्यालय में निर्धारित किया गया है और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य के दौरान अनुशासनहीनता और नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Share This Article