भिलाई, कायस्थ समाज के इष्टदेव श्री चित्रगुप्त महाराज का प्रकटोत्सव गुरुवार को भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जवाहर नगर हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के समीप स्थित चित्रगुप्त मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
जवाहर नगर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास स्थित चित्रगुप्त मंदिर में भी चित्रांश चेतना मंच द्वारा भव्य आयोजन किया गया। यहां शाम 4 बजे से सुंदरकांड पाठ प्रारंभ हुआ, जिसके बाद भगवान श्री चित्रगुप्त की पूजा एवं आरती संपन्न की गई। इस आयोजन में चित्रांश चेतना मंच के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा और भजन-कीर्तन से परिसर गूंजता रहा। समाज के लोगों ने इस अवसर पर एकजुटता, सांस्कृतिक परंपरा और धार्मिक आस्था को बनाए रखने का संकल्प भी लिया।

इस दौरान चित्रांश चेतना मंच भिलाई-दुर्ग के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कायस्थ समाज के लोग शामिल हुए। आयोजन चित्रांश चेतना मंच के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के नेतृत्व में ज्योति श्रीवास्तव, साधना सहाय, अपर्णा सिन्हा, किरण श्रीवास्तव, नीतू श्रीवास्तव, सत्यनाराण भटनागर, अमलेश श्रीवास्तव, संजय खरे सहित अन्य थे।
इधर सेक्टर-6 स्थित श्री चित्रगुप्त मंदिर में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। शाम 6 बजे से सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्तिमय वातावरण में हुए इस पाठ ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। इसके बाद रात 8 बजे भगवान श्री चित्रगुप्त की विशेष पूजा-अर्चना और आरती की गई। आरती के पश्चात भोग प्रसाद का वितरण किया गया और कार्यक्रम का समापन किया गया।
इस अवसर पर श्री चित्रगुप्त मंदिर समिति के अध्यक्ष सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


