मंदिर के सामने और शहर के प्रमुख बाजार में दुकान खोलने पर नाराजगी; कांग्रेसी व व्यापारी संघ उतरे सड़क पर, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
भिलाई, सेक्टर-6 ए स्थित शहर के सबसे व्यस्त और प्रमुख मार्केट में हाल ही में शुरू की गई प्रीमियम वाइन शॉप का विरोध तेज हो गया है। दुकान के ठीक सामने मंदिर होने और आसपास घनी आबादी व प्रमुख व्यापारिक गतिविधियां संचालित होने के कारण स्थानीय लोगों, व्यापारियों और राजनीतिक दलों ने कड़ा एतराज जताया है।
मंगलवार को कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और व्यापारी संघ के पदाधिकारियों ने दुकान के सामने एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक स्थल के सामने शराब दुकान खोलना सामाजिक और सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ है। साथ ही, यह क्षेत्र शहर का सबसे बड़ा और संवेदनशील मार्केट है, जहां परिवारों और महिलाओं की आवाजाही अधिक रहती है।

विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासन पर सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर किन परिस्थितियों में इस स्थान के लिए अनुमति दी गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे इस मामले को लेकर जल्द ही कलेक्टर से मुलाकात कर दुकान को हटाने की मांग करेंगे और ज्ञापन सौंपेंगे।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन दुकान के सामने पुलिस बल तैनात कर दिया है, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है, लेकिन विरोध प्रदर्शन आगे और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।


