मारपीट और चरित्र संदेह से परेशान थी पत्नी; थाने में शिकायत के बाद जमानत पर छूटकर आया पति, देर रात हुआ खूनी विवाद
भिलाई, छावनी थाना क्षेत्र के कैंप-2 स्थित दुर्गा पारा में रविवार देर रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पत्नी हीरामणि साहू ने अपने पति डोमन साहू (40) की सिलबट्टे से वार कर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, डोमन साहू श्रम विभाग में संविदा कर्मी के रूप में ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि वह अक्सर शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था और उसके चरित्र पर भी संदेह करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था।

रविवार को भी विवाद के बाद हीरामणि साहू ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डोमन साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
जमानत के बाद फिर शुरू हुआ विवाद
जमानत पर रिहा होकर घर लौटने के बाद डोमन ने पत्नी द्वारा पुलिस में शिकायत किए जाने को लेकर फिर विवाद शुरू कर दिया। देर रात तक झगड़ा बढ़ता गया और स्थिति बेकाबू हो गई। बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने पहले पत्नी और फिर बेटी से भी विवाद किया।
सिलबट्टे से किया वार, मौके पर मौत
लगातार विवाद और मारपीट से परेशान होकर हीरामणि ने घर में रखे सिलबट्टे के पत्थर से डोमन के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हीरामणि ने अपने जेठ महेन्द्र कुमार साहू (निवासी बोरसी, दुर्ग) को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और छावनी थाना में घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में सामने आई घरेलू हिंसा की बात
पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि मृतक आए दिन पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। दोनों के दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी। परिवार में लगातार होने वाले झगड़ों से आसपास के लोग भी परेशान थे।
बताया जा रहा है कि डोमन ने घर के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगा रखे थे, क्योंकि वह पत्नी पर संदेह करता था।
आरोपी पत्नी गिरफ्तार
छावनी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। वहीं आरोपी हीरामणि साहू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।


