भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप; प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा 2023 का बिल महिला आरक्षण नहीं, बल्कि परिसीमन से जुड़ा
दुर्ग, पाटन, 20 अप्रैल 2026, प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से आज कांग्रेस नेताओं ने सौजन्य भेंट कर पाटन विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान महिला आरक्षण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
भेंट के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डोंगरगढ़ विधायक श्रीमती हर्षिता स्वामी बघेल, दुर्ग ग्रामीण कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर, भिलाई जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर तथा दुर्ग शहर जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने संयुक्त रूप से भाजपा पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि वर्ष 2023 में पारित किया गया विधेयक महिला आरक्षण से संबंधित नहीं था, बल्कि वह परिसीमन (डिलिमिटेशन) प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था। इसके बावजूद भाजपा द्वारा जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास किया जा रहा है।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी महिलाओं को वास्तविक राजनीतिक भागीदारी देने के पक्ष में है और महिला आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग लगातार उठाती रही है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर जनता को गुमराह करने के बजाय पारदर्शिता जरूरी है।
प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री एवं जामगांव आर के प्रभारी राम सूर्यवंशी, पार्षद भारती राम सूर्यवंशी, राहुल वर्मा, प्रेम मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने पाटन विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों, संगठन की मजबूती और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा होने की जानकारी दी।


