दुर्ग, कंट्रोल रूम दुर्ग से प्राप्त सूचना के आधार पर शिवनाथ नदी, छातागढ़ क्षेत्र में दो युवकों के डूबने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेन्द्र कुमार सिंह के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव एवं ईश्वर खरे के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। जवानों ने डिप डाइविंग तकनीक का उपयोग करते हुए नदी में गहराई से दोनों युवकों के शवों को बाहर निकाला और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस को सौंप दिया। मृतकों की पहचान मोहम्मद फैजल (21 वर्ष), पिता मोहम्मद इक़बाल तथा मोहम्मद ईशांत (13 वर्ष), पिता मोहम्मद जाकिर, दोनों निवासी कैलाश नगर, दुर्ग के रूप में हुई है।

एसडीआरएफ टीम की त्वरित कार्रवाई से शवों को समय पर बरामद किया गया। प्रशासन द्वारा आगे की कानूनी प्रक्रिया एवं जांच की जा रही है। साथ ही लोगों से नदी-तालाबों में सावधानी बरतने एवं गहरे पानी में बिना सुरक्षा के न जाने की अपील की गई है। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में एसडीआरएफ जवान राजकुमार यादव, चंद्रप्रताप, आशीष, थानेश्वर, दिनेश, विनय, महेश, हेमराज, चंदू एवं भानु ने प्रमुख भूमिका निभाई और पूरे अभियान को सफल बनाया।


