नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, महिलाओं से विश्वासघात का आरोप

Editor
By Editor 2 Min Read

प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता में भाजपा नेताओं ने कहा—33% आरक्षण के रास्ते में बाधा डालना ‘महापाप’, देश की नारीशक्ति देगी जवाब

रायपुर, भारतीय जनता पार्टी ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को लेकर कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की उपस्थिति में भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में नेताओं ने कांग्रेस पर महिलाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ देश की माताओं-बहनों को लोकसभा और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम था। यह विधेयक महिलाओं को राजनीतिक नेतृत्व में सशक्त बनाने का मार्ग प्रशस्त करता है।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने परिवारवादी राजनीति और वोट बैंक की मजबूरी के चलते इस महत्वपूर्ण विधेयक का विरोध कर देश की लगभग 70 करोड़ महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय किया है। उनका कहना था कि महिला आरक्षण की राह में बाधा डालना न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि यह एक ‘महापाप’ के समान है।

नेताओं ने आगे कहा कि देश की आधी आबादी को नेतृत्व के अवसर से वंचित करने की मानसिकता अब जनता के सामने उजागर हो चुकी है। आने वाले समय में देश की नारीशक्ति इसका करारा जवाब देगी और महिला विरोधी राजनीति करने वालों को सबक सिखाएगी।

भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में महिलाएं अब जागरूक हो चुकी हैं और अपने अधिकारों के प्रति सजग हैं। ऐसे में कांग्रेस और इंडी गठबंधन को जनता के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे गांव-गांव और शहर-शहर जाकर महिलाओं को इस अधिनियम के महत्व से अवगत कराएं, ताकि समाज में महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके।

Share This Article