बिजली खंभे पर काम कर रहे ठेका श्रमिक की करंट से मौत, जांच में जुटा प्रशासन

Editor
By Editor 3 Min Read

लाइन बंद होने के बावजूद दौड़ा करंट; इकलौते कमाने वाले की मौत से परिवार में मातम, मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों में आक्रोश

भिलाई, अमलेश्वर, क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में बिजली लाइन सुधार कार्य कर रहे ठेका श्रमिक की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय जितेंद्र ठाकुर के रूप में हुई है, जो महुदा रोड स्थित मनोज हार्डवेयर के पास बिजली खंभे पर चढ़कर लाइन सुधार का कार्य कर रहा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस समय जितेंद्र खंभे पर कार्य कर रहा था, उस दौरान बिजली लाइन बंद बताई जा रही थी। इसके बावजूद अचानक लाइन में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह सवाल बना हुआ है कि बंद लाइन में अचानक बिजली कैसे प्रवाहित हुई।

बताया जा रहा है कि मृतक जितेंद्र ठाकुर एक गरीब परिवार से था और अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने ठेकेदार व बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताई। ग्रामीणों का आरोप है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के चलते यह हादसा हुआ है। घटना के काफी देर बाद तक न तो ठेकेदार और न ही बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, जिससे लोगों का आक्रोश और बढ़ गया।

वीडियो

सूचना मिलते ही अमलेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि करंट प्रवाहित होने के पीछे लापरवाही या तकनीकी खामी क्या कारण रही।

ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि मृतक के परिवार को शीघ्र उचित मुआवजा और सहायता नहीं दी गई, तो वे चक्काजाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस संबंध में ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से एसडीएम को भी सूचना दे दी है।

फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Share This Article