250 खिलाड़ियों के बीच दमखम की जंग, विभिन्न वर्गों में होगा प्रतिभाओं का चयन; राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होंगे खिलाड़ी
भिलाई, तीन दिवसीय 26वीं छत्तीसगढ़ राज्य पुरुष एवं महिला पावर लिफ्टिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन भिलाई में किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ पावर जिम भिलाई और छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से आए खिलाड़ियों के बीच ताकत, जुनून और खेल भावना का शानदार संगम देखने को मिल रहा है।

प्रतियोगिता में सबजूनियर (18 वर्ष), जूनियर (23 वर्ष), सीनियर ओपन कैटेगरी, मास्टर वर्ग एवं दिव्यांग खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। लगभग 250 खिलाड़ी इसमें हिस्सा ले रहे हैं, जिससे हर वर्ग में मुकाबला बेहद रोमांचक और चुनौतीपूर्ण बन गया है।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों द्वारा अपने-अपने वर्ग में बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित करने की होड़ लगी हुई है। आयोजन स्थल पर खेल प्रेमियों की भी अच्छी उपस्थिति देखने को मिल रही है, जो खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।

छत्तीसगढ़ पावर लिफ्टिंग एसोसिएशन के महासचिव कृष्णा साहू ने मीडिया से चर्चा करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ी आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को बड़ा मंच प्रदान करना, उनकी प्रतिभा को निखारना और उन्हें राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजन के पहले दिन से ही खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया है और आने वाले दिनों में और भी कड़े मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।


