फायर व एसडीआरएफ टीम ने व्यापारियों को दिया प्रशिक्षण, आग से बचाव और आपात स्थिति से निपटने के बताए उपाय
भिलाई, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग द्वारा “सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज” थीम के तहत अग्निशमन दिवस सप्ताह के अवसर पर पावर हाउस स्थित जवाहर मार्केट में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य व्यापारियों और आम नागरिकों को आगजनी की घटनाओं से बचाव एवं त्वरित कार्रवाई के प्रति जागरूक करना रहा।

इस दौरान छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन सहित व्यापारी संघ के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने आग लगने के कारणों, उससे होने वाले नुकसान और समय रहते नियंत्रण के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में फायर ब्रिगेड एवं एसडीआरएफ टीम ने दुकानदारों को अग्निशामक यंत्र के सही उपयोग का लाइव डेमो दिखाया। उन्होंने बताया कि आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सही तकनीक अपनाना जरूरी है। साथ ही यह भी समझाया गया कि मार्केट क्षेत्र में आग लगने पर सुरक्षित तरीके से बाहर कैसे निकला जाए और प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के क्या उपाय किए जा सकते हैं।

जिला अग्निशमन अधिकारी ने व्यापारियों को विशेष रूप से सलाह दी कि दुकानों को बंद करते समय मुख्य बिजली स्विच अवश्य बंद करें तथा मार्केट क्षेत्र में फायर ब्रिगेड के आवागमन के लिए रास्ता हमेशा साफ रखें। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही आगजनी की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी तरीका है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित व्यापारियों ने अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।


