रसमड़ा में लघु उद्योग भारती की नई इकाई गठित, संजय मिश्रा अध्यक्ष नियुक्त

Editor
By Editor 2 Min Read

ओम प्रकाश रजक बने सचिव, धीरेंद्र कश्यप कोषाध्यक्ष; उद्योगपतियों की समस्याओं पर हुई चर्चा

दुर्ग, लघु उद्योग भारती की रसमड़ा (दुर्ग) इकाई का गठन किया गया है। नई इकाई में संजय मिश्रा को अध्यक्ष, ओम प्रकाश रजक को सचिव और धीरेंद्र कश्यप को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

इसकी घोषणा रायपुर स्थित संघ कार्यालय में लघु उद्योग भारती के अखिल भारतीय उपाध्यक्ष समीर मुंदड़ा ने की।

लघु उद्योग भारती सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों का राष्ट्रव्यापी संगठन है, जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का औद्योगिक अनुषांगिक संगठन है। संगठन की इकाइयां देश के 750 से अधिक जिलों में सक्रिय हैं और 1000 से अधिक इकाइयों के माध्यम से करीब 60 हजार उद्योग सदस्य जुड़े हुए हैं। छत्तीसगढ़ में 25 जिलों में 1200 से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्योग इससे संबद्ध हैं।

रसमड़ा इकाई की बैठक 13 अप्रैल 2026 को प्लस पेंट्स परिसर में आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय प्रभारी वजू भाई वघासिया, प्रदेश अध्यक्ष डॉ सीपी दुबे और कोषाध्यक्ष अनिल बाकलीवाल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान उद्योगपतियों ने अपनी समस्याएं संगठन के समक्ष रखीं और विभिन्न सुझाव भी दिए। राष्ट्रीय प्रभारी ने संगठन की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए उद्योगों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा करने का आश्वासन दिया।

अध्यक्ष संजय मिश्रा ने रसमड़ा क्षेत्र के उद्योगपतियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उन्हें संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही और राष्ट्रीय प्रभारी का आभार व्यक्त किया।

बैठक में ओम प्रकाश रजक, सीपी कुशवाहा, धीरेंद्र कश्यप, राजेश मिश्रा, विनोद गुप्ता, अशोक त्रिवेदी, अखिलेश तिवारी, आशुतोष तिवारी, नंदू गुप्ता, रमेश कुमार जांगड़ा, सुशील कुमार केसर और डॉ. प्रदीप चौधरी सहित अन्य उद्योगपति उपस्थित रहे।

Share This Article