5 से 6 हजार लोगों की मौजूदगी में पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था, साइबर ठगी और नशामुक्ति को लेकर किया जागरूक
दुर्ग, धमधा, गणेश उत्सव के अवसर पर मंडी संघ द्वारा आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए धमधा पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की। 2 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम में धमधा सहित आसपास के क्षेत्रों और अन्य जिलों से करीब 5 से 6 हजार दर्शक पहुंचे। इस दौरान पुलिस ने युवाओं की चेकिंग करते हुए करीब 800 लोहे के कड़े उतरवाकर सुरक्षित रखवाए।
पुलिस के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान संज्ञेय अपराधों की रोकथाम और किसी भी तरह के विवाद या अप्रिय घटना की संभावना को कम करने के उद्देश्य से प्रवेश एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास निगरानी रखी गई। चेकिंग के दौरान युवाओं के पास मिले अलग-अलग प्रकार के लोहे के कड़े उतरवाकर सुरक्षित रखवाए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इन्हें विधिवत जब्ती की कार्रवाई होने पर ही जब्त सामग्री के रूप में दर्ज किया जाएगा।
असामाजिक गतिविधियों पर रही नजर
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस टीम ने असामाजिक गतिविधियों, अड्डेबाजी और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखी। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों की आशंका वाले लोगों को चिन्हांकित करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के लिए सतर्कता बरती। भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस बल ने पूरे कार्यक्रम के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखी।
मंच से साइबर ठगी और नशामुक्ति की दी जानकारी
सुरक्षा व्यवस्था के साथ धमधा पुलिस ने कार्यक्रम को जागरूकता के लिए भी उपयोग किया। मंच के माध्यम से उपस्थित नागरिकों और युवाओं को ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए गए। पुलिस ने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी जागरूक किया गया।
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ कार्यक्रम
पुलिस की सतत निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी की गई।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक कार्यक्रमों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, असामाजिक गतिविधि या अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सार्वजनिक आयोजनों में हथियारनुमा सामान या विवाद का कारण बनने वाली वस्तुएं लेकर नहीं आने की भी अपील की गई है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक महेश ध्रुव सहित धमधा थाना पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Link : https://shricgnewscreator.com/police-action-during-the-ganesh-festival-in-dhamdha-800-iron-kadas-bracelets-were-removed-and-placed-in-safe-custody/













