उतई में पुतला दहन के दौरान पुलिस-प्रदर्शनकारियों में झड़प; दो आरक्षक झुलसे

Editor
By Editor 2 Min Read

5 वर्षीय मासूम से दुष्कर्म के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन उग्र, डिप्टी सीएम का पुतला जलाने की कोशिश में हादसा; कानून-व्यवस्था पर सियासत तेज

दुर्ग,  दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र में 5 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना के विरोध में कांग्रेस द्वारा किए जा रहे प्रदर्शन के दौरान हालात अचानक बिगड़ गए। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी झड़प हो गई, जिसमें पुतला दहन के दौरान दो पुलिस आरक्षक झुलस गए। दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया ।

जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ता डिप्टी सीएम विजय शर्मा का पुतला जलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान मौके पर तैनात पुलिस बल ने पुतला छीनने की कोशिश की, जिससे अफरा-तफरी मच गई। पुतले में लगी आग की चपेट में आकर दो आरक्षक झुलस गए। घटना के बाद मौके पर तनाव का माहौल बन गया, जिसे अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से नियंत्रित किया गया।

इस घटना के बाद प्रदेश की राजनीति भी गरमा गई है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता में आक्रोश है। हालांकि, पुलिसकर्मियों के झुलसने की घटना पर उन्होंने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे मामले का संज्ञान लेकर घायल जवानों से मुलाकात करेंगे।

वीडियो

वहीं, प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच के संकेत दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने से यह स्थिति बनी। भविष्य में ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाएगा।

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था, बल्कि प्रदर्शन के तरीकों और भीड़ नियंत्रण को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

Share This Article