उतई में 5 साल की बच्ची बोरे में बंद मिली, दुष्कर्म का प्रयास: आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने का घेराव किया

Editor
By Editor 2 Min Read

उतई (दुर्ग), शुक्रवार, उतई थाना क्षेत्र के बंजारी पारा में  दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां रहने वाली 5 वर्षीय मासूम बच्ची दोपहर से लापता थी, जो देर शाम एक खंडहर के पास झाड़ियों में बोरे में बंद अचेत अवस्था में मिली। प्रथम दृष्टया बच्ची के अपहरण कर दुष्कर्म करने का प्रयास किया गया है।

दोपहर से लापता थी बच्ची, शाम को मिली अचेत
परिजनों ने दोपहर करीब 2 बजे पुलिस को सूचना दी कि बच्ची घर से गायब है। इसके बाद परिजनों के साथ मोहल्ले के लोगों ने भी पूरे क्षेत्र में पतासाजी शुरू की। देर शाम बच्ची एक सुनसान खंडहर के पास झाड़ियों में बोरे के अंदर अचेत हालत में मिली। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

संदेही हिरासत में, ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना की जानकारी मिलते ही उतई पुलिस हरकत में आई और एक संदेही धनेश्वर साहू को हिरासत में ले लिया। पूछताछ जारी है। इधर, घटना से आक्रोशित बंजारी पारा के सैकड़ों ग्रामीण रात में ही थाने पहुंच गए। महिलाओं और युवकों ने थाने का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

वीडियो

आरोपी को फांसी देने की मांग
थाने के सामने धरने पर बैठे ग्रामीण आरोपी धनेश्वर साहू को फांसी देने और कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बच्चियों की सुरक्षा को लेकर दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों को शांत कराकर निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Share This Article