रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल रायपुर में चल रहा उपचार, चरोदा नगर निगम सभापति का जाना हालचाल
भिलाई, भिलाई-3 चरौदा नगर निगम के सभापति कृष्णा चंद्राकर इन दिनों रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में उपचाररत हैं। इसी क्रम में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना।
मुलाकात के दौरान भूपेश बघेल ने डॉक्टरों से भी उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और बेहतर उपचार के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। उन्होंने कृष्णा चंद्राकर का हौसला बढ़ाते हुए शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस अवसर पर भूपेश बघेल ने कहा कि वे ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि कृष्णा चंद्राकर जल्द स्वस्थ होकर पुनः जनसेवा में सक्रिय हों। उन्होंने उनके परिवारजनों से भी मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

ज्ञात हो कि कृष्णा चंद्राकर चरोदा नगर निगम में सभापति के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और क्षेत्र के विकास कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके स्वास्थ्य को लेकर क्षेत्र में चिंता का माहौल है, वहीं उनके समर्थक और शुभचिंतक लगातार उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।


