दुर्ग। थाना पद्मनाभपुर क्षेत्र में रकम दोगुना करने एवं लोन दिलाने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 5 अप्रैल 2026 को दो अलग-अलग प्रकरणों में की गई। आरोपी लक्ष्मी टाण्डी (लगभग 30 वर्ष), निवासी रायपुर नाका, पद्मनाभपुर द्वारा लोगों को लालच देकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रार्थी सारपल्ली भास्कर को 6 माह में रकम दोगुना करने का प्रलोभन दिया और लगभग 3 लाख रुपये नगद तथा 7 लाख रुपये विभिन्न बैंक खातों में ऑनलाइन जमा करवा लिए। इसी प्रकार, एक अन्य प्रार्थी कविता श्रीवास्तव से लोन दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये ऑनलाइन और 50 हजार रुपये नगद लेकर धोखाधड़ी की गई।
दोनों मामलों में थाना पद्मनाभपुर में अपराध क्रमांक 209/2026 एवं 210/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की गई। जांच के दौरान आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी थाना सुपेला में एक आपराधिक मामला दर्ज है।
प्रकरण में प्रयुक्त बैंक खातों और लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों की जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी लोगों को अधिक लाभ का लालच देकर ठगी करती थी। इस कार्रवाई में पद्मनाभपुर थाना पुलिस की सक्रिय भूमिका रही, जिन्होंने तत्परता से कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार किया।


