22 वर्षीय रोशन देवांगन की मौके पर ही मौत; मेयर ने बुलाई आपात बैठक, ठेकेदार की लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
दुर्ग, जिले के रिसाली क्षेत्र में शनिवार को बिजली लाइन सुधार कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय ठेका श्रमिक रोशन कुमार देवांगन की मौके पर ही मौत हो गई। वह रिसाली नगर निगम में अनस्किल्ड लाइनमैन के रूप में कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश नगर इलाके में बिजली लाइन सुधार का कार्य चल रहा था। इसी दौरान रोशन देवांगन चालू बिजली लाइन पर काम कर रहा था, तभी अचानक करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिना प्रशिक्षण और सुरक्षा उपकरण के कराया जा रहा था काम
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक श्रमिक को न तो किसी प्रकार की औपचारिक ट्रेनिंग दी गई थी और न ही पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। बिना सुरक्षा किट और उचित निगरानी के चालू लाइन पर काम कराया जा रहा था, जो गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
स्थानीय लोगों और निगम कर्मचारियों ने आरोप लगाया है कि ठेका श्रमिकों से लगातार जोखिम भरे कार्य कराए जाते हैं, लेकिन सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जाता।
मेयर ने बुलाई आपात बैठक
घटना के बाद रिसाली नगर निगम की महापौर शशि सिन्हा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आपातकालीन बैठक बुलाई है। इस बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी और महापौर परिषद के सदस्य शामिल होंगे।
बैठक में ठेकेदार की भूमिका, सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों के पालन की विस्तृत समीक्षा की जाएगी।
दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
महापौर शशि सिन्हा ने स्पष्ट कहा है कि श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषी पाए जाने वाले ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इधर, नेवई थाना पुलिस भी ठेका कंपनी, संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा व्यवस्था की गहन जांच कर रही है। मामले में लापरवाही के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।


