दुर्ग में बकरा चोरी का खुलासा: सी सी टी वी, से पहचान, दो आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

चोरी के बाद बकरों को काटकर बेचा, पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूला जुर्म

दुर्ग। जिले में बकरा चोरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उतई थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बन्नी अली (26), निवासी बजरंग चौक जो रातराई, ने 25 मार्च को थाना उतई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 मार्च की शाम उन्होंने अपने बकरों को घर में रखा था, लेकिन 25 मार्च की सुबह जांच करने पर दो बकरे गायब मिले।

घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें अज्ञात व्यक्ति दुपहिया वाहन में बकरों को ले जाते हुए दिखाई दिए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान करते हुए उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में भिलाई नगर थाना क्षेत्र के आजाद चौक रूआबांधा निवासी मोहम्मद शफी (50) और ओमप्रकाश वर्मा (35) शामिल हैं।

आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए बकरों को काटकर बेच दिया गया और उससे प्राप्त रकम खर्च कर दी गई।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4), 305 और 3(5) के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की विवेचना जारी रखी है।

Share This Article