बिजली बिल से मुक्ति का मंत्र: दुर्ग के पूर्व सैनिक ने सूर्य घर योजना से बदली अपनी तकदीर, साल भर में पैदा की खपत से दोगुनी बिजली

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग, दुर्ग जिले के ग्राम धनोरा के निवासी और भारतीय सेना के सेवानिवृत्त जवान, जयपाल ने केंद्र सरकार की ‘‘पीएम सूर्य घर योजना’’ को अपनाकर ऊर्जा आत्मनिर्भरता की एक नई इबारत लिखी है। वर्तमान में भारतीय स्टेट बैंक में कार्यरत जयपाल ने अपने घर पर तीन किलोवाट का सोलर पैनल लगवाया है, जिसके परिणामों ने उन्हें और उनके पड़ोसियों को हर्षित कर दिया है।

जयपाल बताते हैं कि एक साल पहले उन्होंने यह सिस्टम स्थापित किया था। जनवरी 2025 से अब तक उनके सोलर पैनल ने कुल 4870 यूनिट बिजली पैदा की। इसमें से उन्होंने 2008 यूनिट खुद उपयोग किया और शेष 2862 यूनिट बिजली विभाग को ग्रिड में दे दी, जिससे उन्हें बिजली विभाग द्वारा अब तक 17414 रुपये का सोलर रिबेट दिया गया, जिसे उनके बिल में एडजस्ट किया गया है। पहले जहां उनका बिल 2000 से 2500 रुपये प्रति माह आता था, अब वह लगभग शून्य या माइनस में आता है।

जयपाल का कहना है कि एक साल में उन्हें किसी भी तकनीकी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। वे बताते हैं, इसका मेंटेनेंस बेहद आसान है। बस सुबह सूरज निकलने से पहले पानी से एक बार धो देने पर यह पूरी तरह साफ रहता है। आज तक इसमें कोई समस्या नहीं आई है। उन्होंने कहा कि छत पर पैनल लगने से पानी की टंकियों को भी छाया मिली है, जिससे टंकी का पानी भी ठंडा रहता है।
अपनी सफलता से उत्साहित होकर जयपाल ने अपने पड़ोसियों को भी प्रेरित किया है, जिन्होंने अब अपने घरों में सोलर पैनल लगवा लिए हैं। वे कहते हैं, मैं चाहता हूँ कि हर घर में यह पैनल लगे ताकि लोग आधुनिक जीवनशैली के कारण अधिक बिजली बिलों से मुक्त होकर खुशहाल जीवन जी सकें। उन्होंने कहा कि मैं शासन का आभारी हूँ और पूरे दिल से कहता हूँ – सूर्य घर जिंदाबाद!

Share This Article