भिलाई, भिलाई के आनंद नगर में आठ मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आनंद नगर वेलफेयर सोसायटी द्वारा पं. दीनदयाल उपाध्याय सांस्कृतिक भवन प्रांगण में आयोजित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा भिलाई स्वीटी कौशिक उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान नगर की ऐसी महिलाओं का सम्मान किया गया जिनका विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान रहा है। खासतौर पर गृहिणियों को उनके घर-परिवार के दायित्वों को सफलतापूर्वक निभाने के लिए मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर “सफल गृहणी” के रूप में सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की नारी अबला नहीं, बल्कि माँ दुर्गा जैसी बलशाली है और नगर में उनकी हर आवश्यकता में वे हमेशा साथ रहेंगी।
सोसायटी की अध्यक्ष मिथलेश शर्मा ने महिलाओं को जीवन में आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दी। अंत में सचिव अमित चंदेल ने मुख्य अतिथि एवं सभी उपस्थित महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी और समाज में महिलाओं की भागीदारी की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपाध्यक्ष सुनंदा गजभिए, सह-सचिव साधना पारासर, सदस्य कविता जांभुलकर, बिहारी लाल, निखिल वर्मा, मीना पालीवाल, सविता शर्मा, अनीता वर्मा, ओमेश्वरी चंदेल सहित सैकड़ों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।


