कार से 8 लाख रुपये से भरा बैग पार, पुलिस जांच में जुटी

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर, न्यायधानी बिलासपुर के व्यस्ततम व्यापारिक क्षेत्र व्यापार विहार में शनिवार रात उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई। हरे कृष्णा ट्रेडर्स के मालिक की कार से अज्ञात आरोपी करीब 8 लाख रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

जानकारी के अनुसार हरे कृष्णा ट्रेडर्स के संचालक शनिवार रात करीब 8.30 बजे व्यापार विहार स्थित छोटी पार्किंग के पास अपनी दुकान बंद कर रहे थे। दुकान बंद करने से पहले उन्होंने गल्ले से नगद राशि निकालकर एक बैग में रखी और उसे अपनी कार में रख दिया। इसके बाद वे दुकान का शटर बंद करने में व्यस्त हो गए। इसी दौरान मौके की तलाश में घूम रहे एक शातिर युवक ने कार का दरवाजा खोलकर भीतर रखा बैग पार कर दिया और फरार हो गया।

कुछ देर बाद जब व्यापारी कार के पास पहुंचे तो बैग गायब मिला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों से पूछताछ की और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। संभावित रास्तों पर भी पुलिस टीमों को तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article