दस अनुभाग में 900 अफसर व जवानों ने संभाली सुरक्षा की कमान, शांतिपूर्ण तरीके से होली संपन्न होने पर एसएसपी ने माना आभार
भिलाई, दुर्ग जिले में छिटपुट घटनाओं को छोड़ होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया। पुलिस के दस अनुभाग में 900 से अधिक अधिकारी और जवानों ने सुरक्षा की कमान संभाली थी। इस दौरान नियम कायदे का उलंघन करने वाले 600 लोगों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्यवाही की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने शांतिपूर्ण ढंग से होली संपन्न होने पर सभी का आभार व्यक्त किया है।
होली के अवसर पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध, सतत पेट्रोलिंग एवं सघन कार्यवाही ओर होली पर्व को दृष्टिगत रखते हुए संपूर्ण जिले को 10 अनुविभागों में विभाजित कर लगभग 900 अधिकारी व कर्मचारियों की ड्यूटी तैनात की गई थी। जिले के 139 महत्वपूर्ण स्थानों पर फिक्स प्वाइंट ड्यूटी तथा 73 पेट्रोलिंग पार्टियों द्वारा लगातार गश्त कर निगरानी रखी गई। शहर एवं अंदरूनी क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए 30 “बाज़” क्विक रिस्पांस टीम मोटर साइकिल पेट्रोलिंग टीम का गठन कर सतत गश्त कराई गई।
संवेदनशील क्षेत्रों में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं मोटर साइकिल पेट्रोलिंग कर ड्यूटी में तैनात बल का निरीक्षण एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। पुलिस महानिरीक्षक, रेंज दुर्ग द्वारा भिलाई एवं छावनी सब डिवीजन का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई तथा ड्रोन कैमरे से निगरानी की गई। प्रतिबंधात्मक कार्रवाई में बीएनएस की धारा 129 के 105 व्यक्ति , बीएनएस धारा 170 के तहत 130 व्यक्ति को जेल भेजा गया, बीएनएस की धारा 126,135 के तहत 600 से अधिक लोगों पर बाउंड ओवर की कार्यवाही की गई।आबकारी एक्ट के 34(2) के 43 मामली में 72 लोगो को जेल भेजा गया, आर्म्स एक्ट के 38 प्रकरण दर्ज कर 38 लोगों को जेल भेजा गया साथ ही 212 स्थायी वारंट एवं 350 गिरफ्तारी वारंट तामील कर जेल भेजे गए।


