भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई ने शहर के सुव्यवस्थित विकास की दिशा में एक और सकारात्मक पहल करते हुए जोन क्रमांक 5 में ड्रोन के माध्यम से संपत्तियों का सर्वे प्रारंभ कर दिया है। इस आधुनिक तकनीक से क्षेत्र की संपत्तियों का सटीक निर्धारण और अद्यतन डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और प्रशासनिक दक्षता में वृद्धि होगी।
सर्वे के शुभारंभ अवसर पर सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित निगम के अधिकारी एवं आईआईटी के सर्वे प्रभारी शैलेश कुमार अपनी तकनीकी टीम के साथ उपस्थित रहे। ड्रोन सर्वे से न केवल राजस्व वसूली में सुधार होगा, बल्कि भविष्य के शहरी नियोजन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार में भी यह डेटा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है, ताकि यह अभिनव पहल समयबद्ध और सफलतापूर्वक पूर्ण हो सके।


