संस्था प्रभारी डॉ. शिखर अग्रवाल ने किया ध्वजारोहण, स्वास्थ्य अमले को मानवीय मूल्यों व निष्पक्ष सेवा की दिलाई शपथ
भिलाई, 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भिलाई-3 में हर्षोल्लास के साथ राष्ट्रीय पर्व मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्था प्रभारी डा. शिखर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इसके पश्चात उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देश के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की।
इस अवसर पर संघ के प्रदेश महामंत्री सैय्यद असलम ने स्वास्थ्य अमले को शपथ दिलाई। शपथ के माध्यम से कर्मचारियों को अपने पदेन कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सभी मरीजों के साथ समान व्यवहार करने, मानवीय मूल्यों के आधार पर सेवा देने तथा पीड़ित मानवता के सेवक के रूप में निस्वार्थ भाव से कार्य करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही अस्पताल को अग्रणी भूमिका में लाने तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने में योगदान देने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्था प्रभारी डा. शिखर अग्रवाल ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि अपने पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान के कारण आज स्वतंत्र और गणतांत्रिक राष्ट्र में यह पर्व मना पा रहे हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आपसी भाईचारे, एकता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए देश को प्रगति, उन्नति और विकास की दिशा में आगे बढ़ाने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में डा. नितिन कश्यप, डा. अर्पिता शर्मा, लेडी हेल्थ विजिटर आर. विश्वास, राज विजय लक्ष्मी, लीलावती बंजारे, तृप्ति चंद्राकर, स्मिता बागड़े, आलिया खातून, उषा वर्मा, विनय कुमार, सविता सौधिया, अर्चना मिश्रा, कुमेश साहू, नारायण साहू, भूपेंद्र सिन्हा, के. वेंकट राव, मीरा साहू, गायत्री, हिमांशु सूर्यवंशी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित में सेवा और कर्तव्य के संकल्प के साथ किया गया।


