महापौर परिषद की बैठक में निर्णय, स्वीमिंग पुल का संचालन करने तय होगी एजेंसी
भिलाई, भिलाई-चरौदा नगर निगम क्षेत्र में राजस्व बढ़ाने और अधोसंरचना के बेहतर उपयोग की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। नगर निगम द्वारा निर्मित तीन शॉपिंग मॉल की अब तक न बिक सकी दुकानों को किराये पर देने का निर्णय लिया गया है। इस संबंध में शासन को भेजे जाने वाले प्रस्ताव पर महापौर परिषद (एमआईसी) की मुहर लग गई है।
मंगलवार को भिलाई-चरौदा नगर निगम के महापौर कक्ष में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता महापौर निर्मल कोसरे ने की। बैठक में निगम सचिव अश्विनी चंद्राकर ने परिषद सदस्यों को एजेंडा बिंदुओं की विस्तृत जानकारी दी।
महापौर परिषद के सदस्यों से चर्चा के बाद महापौर द्वारा निगम आयुक्त डीएस राजपूत को संबंधित प्रस्तावों पर अग्रिम कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बैठक में प्रमुख रूप से निगम क्षेत्र के उत्तर वसुंधरा नगर स्थित शापिंग कॉम्पलेक्स की वे दुकानें, जिनकी अब तक बिक्री नहीं हो सकी है, उन्हें किराये पर दिए जाने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही भिलाई के अन्य दो शॉपिंग मॉल की दुकानों को भी किराये पर देने की प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी।
इसके अलावा बैठक में निगम क्षेत्र में स्थित सभी मंगल भवनों और मिलेट कैफे को किराये पर दिए जाने हेतु निविदा आमंत्रण प्रक्रिया प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया। साथ ही उरला वार्ड क्रमांक-30 में डोम शेड निर्माण कार्य को भी स्वीकृति प्रदान की गई।
एमआईसी बैठक में सिरसागेट, भिलाई-03 में नवनिर्मित तरणताल (स्विमिंग पूल) को भी किराये पर देने का निर्णय लिया गया, जिससे निगम को नियमित आय प्राप्त हो सकेगी और आमजन को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बैठक में भिलाई-चरौदा क्षेत्र में कुल 9.34 करोड़ रुपये की लागत से कराए जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई, जिसे आगे शासन को भेजा जाएगा।
इस अवसर पर महापौर परिषद के सदस्य मोहन साहू, ईश्वर साहू, मनोज कुमार, डी. वेंकट रमना, एम. जॉनी, दीप्ति आशीष वर्मा, संतोषी निषाद, देवकुमारी भलावी उपस्थित रहे। वहीं निगम की ओर से कार्यपालन अभियंता रवि सिन्हा, सहायक ग्रेड-2 राजू वर्मा, लिपिक अविनाश चंद्राकर तथा जनसंपर्क प्रभारी विकास चंद्र त्रिपाठी भी बैठक में मौजूद रहे।


