भिलाई, नंदिनी रोड पर मंगलवार व बुधवार की दरम्यानी रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। इस हादसे में सुपेला निवासी प्रवीण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। भावुक कर देने वाली बात यह है कि हादसे से करीब 21 घंटे पहले ही प्रवीण ने अपने दिवंगत पिता को याद करते हुए इंस्टाग्राम पर एक मार्मिक स्टेटस साझा किया था। उसने लिखा थाह्न “मिस यू पापा… बहुत याद आ रही है आज आपकी, आकर मुझे भी अपने साथ ले जाओ ना। पापा बहुत वक्त हो गया आपसे बात किए हुए।” स्टेटस डाले 21 घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि प्रवीण की असमय मौत हो गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा नंदिनी से जामुल रोड पर बोगदा पुलिया के आगे तिवारी पेट्रोल पंप के पास रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच हुआ। कार क्रमांक सीजी 10 एके 7522 तेज रफ्तार में थी और अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे लगे साइन बोर्ड से टकराई, फिर पास ही स्थित एक मकान की दीवार से भिड़ते हुए गड्ढे में जा गिरी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में प्रवीण कुमार के साथ राहुल साहू, आकाश और प्रशांत मांडले सवार थे। सभी युवक प्रशांत मांडले को उसके गांव कचांदुर छोड़ने जा रहे थे। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने जोरदार आवाज सुनकर बाहर निकलकर डायल 112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बाहर निकालकर बीएम शाह अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।


