अवैध हथियार और नशे के सामान की खोज, संदिग्धों के फिंगरप्रिंट लेकर बनाई गई सर्च स्लिप
भिलाई, दुर्ग जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने मंगलवार अलसुबह एक बार फिर विशेष अभियान चलाया। भिलाई-3 थाना क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक इलाका हथखोज के शीतलापारा क्षेत्र में पुलिस ने एक साथ 100 से अधिक मकानों में दबिश दी। इस दौरान अवैध हथियार, नशीले पदार्थ और संदिग्ध गतिविधियों की गहन जांच की गई।
अभियान का नेतृत्व नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत कुमार सिंह पैकरा ने किया। उनके साथ भिलाई-3 व पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के 50 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस बल ने बस्ती क्षेत्र और रेलवे पटरियों के किनारे लुक-छिपकर रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी।
पहचान पत्रों की जांच, फिंगरप्रिंट लेकर होगी नेफिस से पुष्टि
पुलिस टीम ने शीतलापारा हथखोज के पीछे स्थित बस्ती में रहने वाले लोगों के पहचान पत्रों की जांच की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध पाए गए व्यक्तियों के फिंगरप्रिंट लेकर उनकी सर्च स्लिप तैयार की गई, जिनका सत्यापन अब नेफिस (नेशनल ऑटोमेटेड फिंगरप्रिंट आइडेंटिफिकेशन सिस्टम) के माध्यम से किया जाएगा।
वाहनों की भी हुई सघन चेकिंग
अभियान के दौरान बस्ती क्षेत्र में खड़े लगभग 50 वाहनों की सघन जांच की गई। यह जांच पुलिस के सशक्त ऐप के माध्यम से की गई, ताकि वाहन संबंधी किसी भी आपराधिक रिकॉर्ड की तुरंत पुष्टि हो सके।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में भयमुक्त वातावरण बनाना और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।


