चॉकलेट बताकर 10वीं के छात्र ने साथियों को खिलाई प्रतिबंधित दवा, चार छात्र अस्पताल में भर्ती
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने उठाए स्कूलों में नशे की सप्लाई पर सवाल
दुर्ग, शिक्षा मंत्री के गृह जिले दुर्ग में स्कूली बच्चों तक नशे की पहुंच का गंभीर मामला सामने आया है। पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रतिबंधित नशीली दवा खाने से आठ छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को चक्कर आने, बेहोशी और शरीर में अकड़न की शिकायत के बाद तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। घटना के बाद स्कूल, अभिभावकों और प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार विद्यालय की 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अपने साथ पढ़ने वाले बच्चों को चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिला दी। कुछ देर बाद एक-एक कर बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। बच्चों को चक्कर आने, उलझन, बेहोशी और शरीर में अकड़न की शिकायत हुई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
दवा खाने वाले छात्रों में चार छात्रों का अस्पताल में उपचार जारी है, जबकि चार बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।
परिजनों ने बताया कि बच्चों की हालत अचानक बिगड़ गई थी। पहले उन्हें समझ नहीं आया कि आखिर ऐसा क्या हुआ, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि स्कूल में एक छात्र ने चॉकलेट बताकर प्रतिबंधित दवा खिलाई थी। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विद्यालय की प्राचार्य नलिनी वर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद तत्काल प्रशासन और पुलिस को सूचित किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार 10वीं कक्षा के एक छात्र ने अन्य बच्चों को प्रतिबंधित दवा दी थी। स्कूल के शिक्षकों को इसकी पहले से कोई जानकारी नहीं थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इधर, कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी छात्र के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि छात्र के पास प्रतिबंधित दवा कहां से आई और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है। साथ ही दवा के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
घटना पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यदि स्कूलों तक नशे की सप्लाई पहुंच रही है तो यह बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय है। उन्होंने प्रदेश सरकार और गृह विभाग से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा स्कूलों के आसपास नशे के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
Link : https://shricgnewscreator.com/8-students-fall-ill-after-consuming-intoxicating-drugs-at-a-government-school-in-durg-one-admitted-to-icu-police-register-a-case-against-a-student/








