आनंद नगर में महिलाओं ने की हलषष्ठी पूजा

Editor
By Editor 1 Min Read

भिलाई। आनंद नगर (स्मृति नगर) में पारंपरिक श्रद्धा और धार्मिक आस्था के साथ हलषष्ठी पूजा का आयोजन सामूहिक रूप से किया गया। व्रती महिलाओं ने इस अवसर पर श्री नर्मेदेश्वर मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना कर अपने बच्चों की लंबी उम्र, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
हलषष्ठी पर्व पर महिलाओं ने परंपरा के अनुसार व्रत रखा और पूजा में भैंस का दूध, दही, घी, पसहर चावल और छह प्रकार की देशी भाजियों का भोग लगाकर प्रसाद ग्रहण किया। इस दिन भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलराम जी का जन्मोत्सव भी मनाया गया, जिसे लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। पूजा स्थल पर पारंपरिक साज-सज्जा के साथ सगरी का निर्माण भी किया गया था। महिलाओं को पुरोहित द्वारा कथा सुनाई गई और विधिवत पूजा कराई गई। हलषष्ठी पर्व नारी शक्ति और मातृत्व की भावना से जुड़ा हुआ है, जिसमें माताएं अपने बच्चों की खुशहाली और दीर्घायु की प्रार्थना करती हैं। यह पर्व पारिवारिक और सामाजिक एकता को भी सुदृढ़ करता है।

Share This Article