नौकरी के नाम पर 10 लाख की ठगी करने वाली महिला गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

दुर्ग,  जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है, जिसमें पदमनाभपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

मामले के अनुसार, सेक्टर-07 भिलाई निवासी 29 वर्षीय पायल ने थाना पदमनाभपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 2 अगस्त 2023 को महाराजा चौक स्थित एक दुकान में उसकी मुलाकात प्रिया देशमुख से हुई। आरोपी महिला ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (CSPDCL) में सब इंजीनियर/एई (AE) पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया और इसके एवज में 20 लाख रुपये की मांग की।

प्रार्थिया के अनुसार, आरोपी ने अपने सहयोगी रजत गुप्ता से भी मिलवाया, जिसने स्वयं को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए भरोसा दिलाया। आरोपी ने 10 लाख रुपये अग्रिम के रूप में ले लिए। इसके बाद नवंबर 2023 में रायपुर सर्किट हाउस में पीड़िता को एई पद का फर्जी ज्वाइनिंग लेटर सौंप दिया गया।

शिकायत के आधार पर पदमनाभपुर थाने में अपराध दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468 और 120(बी) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी प्रिया देशमुख को चिन्हित कर 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी द्वारा आर्थिक लाभ कमाने की नीयत से सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की गई। प्रकरण में फर्जी नियुक्ति पत्र सहित अन्य दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

Share This Article