मेडिकल कॉलेज भूमि पूजन में मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत

Editor
By Editor 2 Min Read

कैशलैस चिकित्सा सुविधा को लेकर कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

भिलाई, कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज के भूमि पूजन कार्यक्रम के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का छत्तीसगढ़ कैशलैस चिकित्सा सेवा कर्मचारी कल्याण संघ की ओर से स्वागत किया गया। जिला संयोजक सहित जिले के अन्य संगठनों के जिला संयोजक व अध्यक्षों ने पुष्प गुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया।

इस दौरान संघ की ओर से छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। पदाधिकारियों ने प्रदेश के लगभग पांच लाख कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए मेडिकल कैशलैस सुविधा लागू करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कर्मचारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि राज्य के कर्मचारी सरकार की प्राथमिकता में हैं। उनके और उनके परिवार के स्वास्थ्य की चिंता सरकार के प्रमुख बिंदुओं में शामिल है और बहुत जल्द कर्मचारियों को कैशलैस चिकित्सा सुविधा की सौगात दी जाएगी।

वहीं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस विषय पर प्रदेश स्तर पर काम जारी है। प्रक्रिया पूरी होते ही छत्तीसगढ़ के समस्त कर्मचारियों को इसका लाभ शीघ्र दिया जाएगा।

कार्यक्रम में प्रताप चंद्रवंशी, अर्जुन चंद्रवंशी, गोलू सोनवानी, गामा चंद्रवंशी, सतीश चंद्राकर और अविनाश कौशिक उपस्थित रहे।

Share This Article