दुर्ग, छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग, नवा रायपुर के निर्देशानुसार जिले में नगरीय निकाय उप निर्वाचन 2026 की तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इसके अंतर्गत नगर पालिक निगम भिलाई और नगर पालिक निगम रिसाली की मतदाता सूचियों को 1 अप्रैल 2026 की संदर्भ तिथि के आधार पर तैयार एवं पुनरीक्षित किया जाएगा।
मतदाता सूची निर्माण एवं पुनरीक्षण की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा छत्तीसगढ़ नगरपालिका निर्वाचन अधिनियम 1961 की धारा 32(1) तथा छत्तीसगढ़ नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के नियम 8 के उप नियम 2 के तहत संबंधित अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) दुर्ग को रजिस्ट्रीकरण अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि अतिरिक्त तहसीलदार भिलाई नगर एवं अतिरिक्त तहसीलदार दुर्ग को सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग को अपीलीय प्राधिकारी बनाया गया है।
उप निर्वाचन के तहत नगर पालिक निगम भिलाई के वार्ड क्रमांक 01 तथा नगर पालिक निगम रिसाली के वार्ड क्रमांक 02 और 39 में मतदाता सूचियों के तैयार करने एवं पुनरीक्षण का कार्य किया जाएगा। प्रशासन द्वारा इस पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।


