कल्याण कॉलेज में हंगामा: सफाई कर्मियों की नौकरी समाप्त करने पर एनएसयूआई का विरोध प्रदर्शन

Editor
By Editor 2 Min Read

सफाई कर्मियों की पुनः नियुक्ति व प्रिंसिपल पर कार्रवाई की मांग

भिलाई। सेक्टर-7 स्थित कल्याण कॉलेज में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब सफाई कर्मियों को अचानक नौकरी से हटाए जाने और उनके साथ कथित अभद्र व्यवहार के खिलाफ एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने प्रिंसिपल कार्यालय में प्रदर्शन किया।

एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया अपने समर्थकों के साथ कॉलेज पहुंचे और प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाज़ी की। संगठन का आरोप है कि प्रिंसिपल ने सफाई कर्मियों के साथ गाली-गलौच की, जिसके विरोध में उन्हें आंदोलन करना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता हाथ में चप्पलों की माला लेकर पहुंचे और प्रिंसिपल के नेम प्लेट पर स्याही फेंक दी। स्याही के छींटे पास में रखे छात्रों के परीक्षा फॉर्मों पर भी पड़ गए, जिससे वे खराब हो गए। सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे युवाओं को बाहर निकाला।

एनएसयूआई का कहना है कि जब तक निकाले गए सफाई कर्मियों को वापस काम पर नहीं रखा जाता और प्रिंसिपल के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रिंसिपल डॉ. विनय शर्मा से इस संबंध में संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया कि मामले में शिकायत मिली है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article