धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में दो महिलाएं गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र के पदुमनगर चरोदा वार्ड-19 में दो महिलाओं को प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि ये महिलाएं आर्थिक सहायता, इलाज और बीमारी दूर करने का बहाना बनाकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने का प्रलोभन दे रही थीं।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया रूखमणी पाण्डेय (36) ने बताया कि वह घरेलू काम करती हैं। उन्होंने कहा कि बीते 25 जनवरी को दो अज्ञात महिलाएं उनके घर आईं और धर्म परिवर्तन करने पर बीमारी ठीक होने और आर्थिक मदद का वादा किया। जब प्रार्थिया ने मना किया, तो महिलाएं चली गईं। लेकिन 1 फरवरी 2026 को वही महिलाएं पुनः उनके घर आईं और बाइबिल पढ़ने, आर्थिक सहायता और बेटी की शादी में सहयोग देने का प्रलोभन दिया। प्रार्थिया और परिवार ने विरोध किया और थाना जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने अपराध क्रमांक 71/2026 के तहत धारा 299 बीएनएस और धारा 4 छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में सारिका डाडिंगे 42 वर्ष निवासी खुर्सीपार एवं प्रियंका साईमन 33 वर्ष निवासी कुम्हारी हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

Share This Article