शेयर ट्रेडिंग व कृषि निवेश के नाम पर छह करोड़ की ठगी, दो गिरफ्तार

Editor
By Editor 4 Min Read

डाक्टर, किसान और ठेकेदार हुए शिकार, कंपनी डायरेक्टर बनाकर वेबसाइट की गई बंद

रायपुर। कृषि उत्पाद और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों का मुनाफा दिलाने का झांसा देकर जशपुर जिले में लगभग 6 करोड़ रुपये की ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ठगी का शिकार बने लोगों में चिकित्सक, किसान और ठेकेदार शामिल हैं। मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।

जशपुर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या में अब भी वृद्धि की संभावना है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह मामला तब सामने आया जब 17 अक्टूबर को पत्थलगांव थाना क्षेत्र के मदनपुर निवासी जागेश्वर लाल यादव (45) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में उन्हें और अन्य साथियों को पत्थलगांव के एक होटल में कृषि उत्पाद निवेश योजना से जुड़ी जानकारी देने बुलाया गया था। वहां उनकी मुलाकात जांजगीर जिले के मुदुपुर निवासी संतोष कुमार साहू से हुई। संतोष साहू ने खुद को “सी बुल्स ग्लोबल सॉल्यूशन” नामक कंपनी से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि यह कंपनी रायगढ़ के घरघोड़ा और जशपुर के पत्थलगांव में कृषि उत्पाद बेचती है और जल्द ही एक बड़ा प्लांट शुरू करने जा रही है। इसमें निवेश करने वालों को प्रत्येक माह ब्याज सहित मोटा मुनाफा मिलने का लालच दिया गया। शुरुआत में निवेश करने पर कुछ पीड़ितों के खातों में ब्याज की राशि भी आई, जिससे विश्वास और गहरा हुआ। लेकिन कुछ ही महीनों बाद रकम आना बंद हो गया। जब पीड़ितों ने संपर्क साधा, तो उन्हें कंपनी के कथित डायरेक्टर मोहम्मद सिराज आलम से मिलवाया गया। मोहम्मद सिराज ने कंपनी को शेयर ट्रेडिंग फर्म बताते हुए कहा कि यह 12 साल से शेयर बाजार में काम कर रही है और निवेश की रकम को 10 माह में दोगुना करने की गारंटी दी। साथ ही बैंक गारंटी के नाम पर चेक भी थमाए गए। इन निवेशकों ने लगभग 6 करोड़ रुपये कंपनी में निवेश किए, लेकिन ना ब्याज मिला और ना ही मूलधन वापस हुआ।

ठगी का विरोध किया तो बना दिए डायरेक्टर

जब पीड़ितों ने पैसे वापस मांगने का दबाव बनाया, तो आरोपितों ने एक नई चाल चली। वर्ष 2024 में ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में एक बैठक आयोजित की गई जिसमें पीड़ितों से आधार कार्ड, पैन कार्ड आदि दस्तावेज लेकर उन्हें सी बुल्स सहयोग निधि रियल एस्टेट एंड फाइनेंस लिमिटेड का डायरेक्टर बना दिया गया। इसके बाद कंपनी की वेबसाइट और संपर्क के सारे माध्यम बंद कर दिए गए।मामले की शिकायत पर पत्थलगांव थाना पुलिस ने ‘Pभ की धारा 420 और 120बी के तहत प्रकरण दर्ज किया और छापेमारी कर शक्ति जिले के जैजैपुर निवासी हरिशरण देवांगन (52) और जांजगीर-चांपा जिले के मुदुपुर निवासी संतोष साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

Share This Article