कल्याण महाविद्यालय में घुसकर तोड़फोड़ करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Editor
By Editor 2 Min Read

कॉलेज में परीक्षा कार्य के दौरान हंगामा, पूर्व छात्र साथियों के साथ प्राचार्य कक्ष में जबरन घुसे

भिलाई। कल्याण स्नातकोत्तर महाविद्यालय सेक्टर-7 में गुरुवार को परीक्षा कार्य के दौरान प्राचार्य कक्ष में घुसकर उत्पात मचाने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। घटना के बाद कॉलेज स्टाफ में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

प्राचार्य डॉ. विनय शर्मा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि 9 दिसंबर 2025 को उनके कक्ष में परीक्षा फॉर्म परीक्षण और हस्ताक्षर का कार्य चल रहा था। इसी दौरान महाविद्यालय के पूर्व छात्र आकाश कनौजिया अपने साथियों दीपक पाल, आनंद यदु, नितेश गुप्ता, आशीष कालो, भौमित पटेल, अंशुल शर्मा तथा अन्य छात्रों के साथ नारेबाजी करते हुए कार्यालय में जबरन घुस आया।

आरोप है कि समूह ने कक्ष में प्रवेश करते ही अश्लील गालियाँ देते हुए प्राचार्य की टेबल के कांच को तोड़ दिया, वहीं टेबल पर रखे शासकीय दस्तावेजों को उठाकर फेंक दिया, फाड़ दिया और उन पर स्याही डालकर नुकसान पहुँचाया। प्राचार्य के नेमप्लेट पर भी स्याही पोत दी गई। छात्रों ने प्राचार्य को जूते की माला पहनाने का प्रयास करते हुए धक्का-मुक्की की, जिससे कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों में भय व्याप्त हो गया।

घटना की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में आरोपियों के विरुद्ध धारा 191(2), 221, 296, 324(1), 61(2) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रकरण में शामिल दो आरोपियों—

हरदीप पात्रे (22 वर्ष), निवासी स्मृतिनगर

दीपक पाल उर्फ दीपू (23 वर्ष), निवासी शंकरपारा, सुपेला

को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस टीम उनकी पतासाजी में जुटी हुई है।

Share This Article