भिलाई। दुर्ग कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेल चौक पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक और एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवती घायल हो गई। यह हादसा रात लगभग 10:30 बजे हुआ, जब नगर निगम दुर्ग की कचरा गाड़ी ने एक स्कूटी सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान खिलेश्वर साहू (25 वर्ष) और सलमा (25 वर्ष) के रूप में हुई है, दोनों अटल आवास, दुर्ग के निवासी थे। दुर्घटना में घायल हुई युवती कुमोदनी गोड़ को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
घटना उस समय घटी जब तीनों दोपहिया वाहन (स्कूटी क्रमांक CG-07-CY-5899) पर सवार होकर नगर भ्रमण पर निकले थे। पटेल चौक कलेक्ट्रेट के सामने ट्रैफिक सिग्नल पर, पुलगांव से मालवीय रोड की ओर जा रही नगर निगम की कचरा गाड़ी (क्रमांक CG-07-CZ-4314) ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, और घटनास्थल पर चप्पलें और अन्य सामान बिखर गए। डीएसपी भारती मरकाम ने बताया कि प्रारंभिक जांच में वाहन चालक की लापरवाही सामने आई है। दुर्घटना में दोनों व्यक्तियों की मृत्यु अंदरूनी चोटों के कारण हुई है।


