मेघ गंगा ग्रुप और कोशी एयर क्लब एंड रिसोर्ट ने जनहित में दिया सहयोग, सड़क सुरक्षा के लिए सामाजिक संस्थाओं की पहल
दुर्ग, सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सार्वजनिक संस्थाओं की ओर से यातायात पुलिस दुर्ग को सहयोग दिया गया है। इसी क्रम में मेघ गंगा ग्रुप, दुर्ग और कोशी एयर क्लब एंड रिसोर्ट, करंजा भिलाई ने यातायात पुलिस को कुल 35 स्टॉपर प्रदान किए।
मेघ गंगा ग्रुप की ओर से 20 नग तथा कोशी एयर क्लब एंड रिसोर्ट की ओर से 15 नग स्टॉपर यातायात पुलिस को जनहित में सौंपे गए। इन स्टॉपर का उपयोग मार्ग डायवर्शन, दुर्घटना स्थल, विशेष यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षित यातायात संचालन के लिए किया जाएगा।
यातायात पुलिस के अनुसार, सड़क पर किसी दुर्घटना अथवा विशेष परिस्थिति के दौरान वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने और आमजन को सुरक्षित मार्ग उपलब्ध कराने में स्टॉपर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। संस्थाओं की ओर से दिए गए स्टॉपर से यातायात पुलिस को विभिन्न परिस्थितियों में बेहतर यातायात प्रबंधन करने में सुविधा मिलेगी।
सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय
जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए संस्थाओं द्वारा स्वेच्छा से किया गया यह सहयोग सामाजिक जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यातायात पुलिस ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है।
यातायात पुलिस ने की सहयोग की अपील
यातायात पुलिस दुर्ग ने सार्वजनिक संस्थाओं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों और नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को जनअभियान बनाने के लिए इसी तरह आगे आकर सहयोग करें। पुलिस का कहना है कि सभी के सामूहिक प्रयास से शहर में सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है।
सुरक्षित सड़क, सुगम यातायात — हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी।
Link : https://shricgnewscreator.com/traffic-police-receive-35-stoppers-to-be-used-for-traffic-diversion/








