डीजीपी अरुण देव गौतम ने दुर्ग पुलिस की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, नशे की गिरफ्त में आए बच्चों और युवाओं के पुनर्वास पर भी जोर
दुर्ग, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम दुर्ग में जिले के राजपत्रित अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, नशे के खिलाफ कार्रवाई और साइबर अपराधों की रोकथाम को लेकर दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में दुर्ग रेंज के आईजी अभिषेक शांडिल्य और एसएसपी विजय अग्रवाल सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान एसएसपी ने पीपीटी के माध्यम से वर्ष 2026 में पुलिस की उपलब्धियों, अपराधों के तुलनात्मक आंकड़ों, यातायात व्यवस्था और सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर में आई कमी की जानकारी दी।
डीजीपी ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सघन जांच और वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे की गिरफ्त में आ रहे बच्चों और युवाओं की पहचान कर उनकी प्रोफाइलिंग करने तथा नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से उनका पुनर्वास कराने पर जोर दिया।
साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए अन्य जिलों और पुलिस इकाइयों के साथ समन्वय बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा राजपत्रित अधिकारियों को 15 निर्धारित बिंदुओं पर नियमित पर्यवेक्षण के निर्देश दिए गए। इनमें थानों का निरीक्षण, लंबित अपराधों की समीक्षा, विवेचना की गुणवत्ता, केस डायरी परीक्षण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, वारंट तामीली और शिकायतों के निराकरण जैसे विषय शामिल हैं।
डीजीपी ने कहा कि पुलिस पर्यवेक्षण केवल औपचारिकता नहीं होना चाहिए, बल्कि इससे थानों की कार्यप्रणाली, अपराध नियंत्रण और आम जनता के प्रति पुलिस के व्यवहार में सुधार दिखना चाहिए।
Link : https://shricgnewscreator.com/to-prevent-deaths-in-road-accidents-strict-action-will-be-taken-against-those-who-drive-under-the-influence-of-alcohol/








