तंत्र-मंत्र से पैसा 50 गुना बढ़ाने के लालच में गई तीन जानें आरोपी बैगा सहित पांच गिरफ्तार

Editor
By Editor 3 Min Read

कोरबा। पैसे को कई गुना बढ़ाने का झांसा… तंत्र-मंत्र के नाम पर रातों-रात करोड़पति बनाने का दावा… और इसी लालच में तीन लोग मौत के मुंह में समा गए। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरीपारा स्थित एक खाली स्क्रैप यार्ड में बुधवार को हुआ यह रहस्यमयी अनुष्ठान अब सनसनीखेज जुर्म में बदल चुका है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने जहर देने की आशंका जताई है, जबकि मृतकों के परिजन इसे सुनियोजित हत्या बता रहे हैं।

पुलिस के अनुसार पूरा मामला दूध व्यवसायी सुरेश साहू (42) से शुरू हुआ, जिनकी मुलाकात बिलासपुर निवासी स्वयंभू बैगा राजेन्द्र कुमार अमेरी से हुई। अमेरी ने दावा किया कि उसके तंत्र-मंत्र से पैसा 50 गुना बढ़ जाता है और सुरेश के पांच लाख रुपये देखते ही देखते 2.50 करोड़ में बदल जाएंगे। पहले संदेह हुआ, पर लगातार दबाव और लालच ने सुरेश को झुका दिया। उन्होंने अपने मित्र कबाड़ व्यवसायी अशरफ मेमन (52) और बलौद के निवासी नितीश रात्रे (40) को भी इस अनुष्ठान में शामिल कर लिया। 10 दिसंबर की शाम, अशरफ के स्क्रैप यार्ड में तंत्र-मंत्र की तैयारी शुरू हुई। बैगा अपने चार सहयोगियों के साथ एक कमरे में बैठा। बाहर सुरेश, अशरफ और अन्य लोग इंतजार कर रहे थे। सहयोगी अश्वनी के अनुसार सबसे पहले सुरेश के साथी भागवत महंत को अंदर बुलाया गया, वह बाहर आ गया। इसके बाद नितीश को बुलाया गया वह बाहर नहीं लौटा। फिर अशरफ और अंत में सुरेश अंदर गए, लेकिन दोनों भी वापस नहीं आए।

काफी देर तक सन्नाटा छाए रहने पर परिजन और साथी कमरे में घुसे तो देखा तीनों जमीन पर अचेत पड़े थे। बैगा ने उन्हें आश्वस्त किया कि “तंत्र क्रिया” के असर से कुछ देर में होश आ जाएगा। लेकिन आधी रात तक भी तीनों ने आँख नहीं खोली। जब स्थिति गंभीर हुई, तो उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए, मृतकों के मुंह में नींबू, अशरफ के हाथ में इंजेक्शन का निशान और गले पर रस्सी के चिन्ह। अशरफ के भाई इमरान ने आरोप लगाया कि तीनों को बेहोश कर गला दबाकर मारा गया। वहीं दूसरी ओर, सुरेश की पत्नी गुड़िया ने बताया कि उनके पति को कई दिनों से लगातार बिलासपुर से फोन आ रहे थे और 10 दिसंबर को वे बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर तंत्र विधि के लिए निकल गए थे।

Share This Article