हसदेव नदी में नहाने गए तीन मासूमों की डूबने से मौत, पूरा क्षेत्र शोक में

Editor
By Editor 2 Min Read

रायपुर। प्रदेश केे जांजगीर-चांपा जिले अंतर्गत हसदेव नदी के हनुमान धारा स्थित त्रिदेव घाट पर बुधवार की सुबह नहाने गए तीन नाबालिग बच्चों की डूबने से मौत ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मृतकों की पहचान रूद्र, युवराज और नेलशन के रूप में हुई है। वे स्थानीय मनका पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। सूचना के अनुसार, बुधवार को स्कूल की छुट्टी होने पर तीनों दोस्त अपनी-अपनी साइकिल से नदी किनारे खेलने और नहाने गए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने हड़बड़ी में उनकी तलाश शुरू की। खोज के दौरान बच्चों के मोबाइल लोकेशन से पता चला कि वे त्रिदेव घाट के पास थे। वहां उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं, जिससे आशंका और गहरी हो गई।

फौरन पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई। चांपा पुलिस, एसडीएम पवन कोसमा और एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची। नदी की तेज धारा और अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा, लेकिन गुरुवार सुबह 6 बजे से फिर से तलाशी शुरू की गई। स्थानीय लोगों और एसडीआरएफ की मदद से लगभग 50 मीटर दूर नदी से तीनों बच्चों के शव बरामद किए गए। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बीडीएम अस्पताल भेजा गया।
एसडीएम पवन कोसमा ने बताया कि बच्चों के परिजनों को आकस्मिक मृत्यु मद के तहत चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
हादसे की खबर से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और मातमी माहौल व्याप्त है।

Share This Article