रायपुर, राजधानी रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात एक मामूली सड़क हादसा बड़े बवाल में बदल गया। कार्यक्रम से लौट रहे युवकों के बीच कारों की टक्कर को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और अफरा-तफरी में तब्दील हो गया। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार ‘बिस्मिल की महफिल’ नामक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बड़ी संख्या में युवक अलग-अलग वाहनों से लौट रहे थे। इसी दौरान दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद अन्य युवक भी विवाद में कूद पड़े, जिससे सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और यातायात प्रभावित हुआ।
सूचना मिलते ही तेलीबांधा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, परंतु भीड़ बढ़ती देख अतिरिक्त पुलिस बल और वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। स्थिति अनियंत्रित होती देख पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया। इसके बाद हालात सामान्य हो सके।
पुलिस ने उपद्रव कर रहे कई युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि कुछ आरोपी मौके से फरार हो गए। हिरासत में लिए गए युवकों ने थाने में भी हंगामा करने की कोशिश की, जिसे सख्ती से नियंत्रित किया गया। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


