सैनिकों का त्याग और बलिदान ही हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा की गारंटी : डॉ. महाजन

Editor
By Editor 2 Min Read

भिलाई। डॉ. खूबचंद बघेल शास. महा. भिलाई-3 में 26वें कारगिल विजय दिवस का आयोजन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ अश्विनी महाजन द्वारा दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
महाविद्यालय के एनसीसी अधिकारी ले. श्रीकांत प्रधान द्वारा कारगिल युद्ध पर विस्तार से जानकारी प्रदान किया गया। प्राचार्य डॉ अश्विनी महाजन द्वारा कारगिल विजय दिवस पर पराक्रमी भारतीय सेना के वीर शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए सेना को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि ‘यह दिवस हमें केवल युद्ध की याद नहीं दिलाता, बल्कि यह हमें राष्ट्रीय एकता, अखंडता और संप्रभुता के महत्व का भी स्मरण कराता है।’
प्राचार्य डॉ महाजन ने कहा कि ‘आज का दिन हमें यह भी बताता है कि हमारे सैनिक कितनी विषम परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं, ताकि हम अपने घरों में सुरक्षित रह सकें। उनका त्याग और बलिदान ही हमारी स्वतंत्रता और सुरक्षा की गारंटी है। आइए, हम सब मिलकर शपथ लें कि हम उनके सपनों के भारत का निर्माण करेंगे – एक ऐसा भारत जो मजबूत, समृद्ध और शांतिपूर्ण हो।’
प्राचार्य ने केडेट्स को प्रेरित कहा कि ‘कारगिल विजय दिवस हमें यह भी प्रेरणा देता है कि हम अपने जीवन में किसी भी चुनौती का सामना सैनिकों की तरह साहस और दृढ़ता से करें।’
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स द्वारा भारतीय सेना पर बनाए गए देशभक्ति पूर्ण पोस्टर की प्रदर्शनी का निरीक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं एनसीसी कैडेट द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का संचालन लांस कॉरपोरल अनु बेहरा द्वारा किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापक, सहायक प्राध्यापक, अधिकारी, कर्मचारी, 52 एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस के स्वयंसेवक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

Share This Article