भिलाई। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भिलाई-दुर्ग के शिवालयों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। देवबलोदा के प्राचीन शिव मंदिर में रात 12 बजे से ही भक्तों की कतारें लग गईं। भीड़ को देखते हुए गर्भगृह में प्रवेश सीमित किया गया और पाइप के माध्यम से श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का अभिषेक किया। दुर्ग के शिवनाथ नदी तट पर मेला जैसा दृश्य रहा, जहां विशेष रुद्राभिषेक और आरती आयोजित हुई।
भिलाई के बैकुंठधाम, राजराजेश्वरी भोलेनाथ मंदिर पावर हाउस, जलकंठेश्वर मंदिर सेक्टर-6, सेक्टर-7 शिवधाम सहित विभिन्न शिवालयों में दिनभर पूजा-अर्चना और भंडारे का क्रम चलता रहा। रिसाली स्थित श्री अखिलेश्वर महादेव मंदिर में पार्षद मनीष यादव ने रुद्राभिषेक कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।
नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा के तत्वाधान में दो दिवसीय लोकरंगी आयोजन देवबलोदा महोत्सव रविवार को शुरू हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक राजमहंत डोमन लाल कोर्सेवाड़ा आमंत्रित रहे। पहले दिन सुनील सोनी व उनकी टीम ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।

वहीं 16 फरवरी को समापन अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सीएम भूपेश बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महापौर निर्मल कोसरे, सभापति कृष्णा चन्द्राकर एवं सभी पार्षद व जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
वहीं सोमवार की शाम चिन्हारी लोक मंजीरा सांस्कूतिक कार्यक्रम होगा। आज पहले दिन आयोजन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा अंचल शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सांसद विजय बघेल ने पाटन व कौही के मंदिरों में पूजा की, वहीं विधायक ललित चंद्राकर ने ग्रामीण अंचलों में रुद्राभिषेक किया। दुर्ग में शिवनाथ नदी के तट पर नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा रुद्राभिषेक एवं आरती का आयोजन किया गया। यहां बर्फ की सिल्ली से आकर्षक शिवलिंग का विशेष निर्माण एवं मिट्टी से महाकाल बाबा की प्रतिकृति बनाकर रुद्राभिषेक किया गया।


