खुर्सीपार चौक पर ओवरब्रिज बनने से प्रभावित होगा व्यापार

Editor
By Editor 1 Min Read

भिलाई, खुर्सीपार चौक पर प्रस्तावित ओवरब्रिज निर्माण को लेकर व्यापारियों ने चिंता जताई है। छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भिलाई इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश महामंत्री अजय भसीन के नेतृत्व में कलेक्टर से मुलाकात कर ओवरब्रिज की आवश्यकता और उपयोगिता का पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग की। इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपा।

चेम्बर ने कहा कि खुर्सीपार चौक के आसपास बड़ा बाजार और व्यापारिक क्षेत्र है। ओवरब्रिज बनने से दुकानों तक ग्राहकों की पहुंच और आवाजाही प्रभावित हो सकती है, जिससे स्थानीय कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। पहले बीएसपी के बड़े वाहन और ट्रेलर इस मार्ग से गुजरते थे, लेकिन अब उनके आवागमन के लिए अंडरब्रिज बन चुका है। ऐसे में ओवरब्रिज की जरूरत पर दोबारा विचार किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लगातार ब्रिज निर्माण से क्षेत्र का व्यवस्थित स्वरूप भी प्रभावित हो सकता है। ओवरब्रिज के बजाय सड़क सुधार, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। महामंत्री अजय भसीन ने कहा कि विकास कार्य ऐसे हों, जिससे यातायात सुचारू रहे और व्यापार भी प्रभावित न हो। प्रतिनिधिमंडल में शंकर सचदेव, विनय सिंह, विकास पांचाल और राम ओबेरॉय शामिल थे।

Link : https://shricgnewscreator.com/the-construction-of-an-overbridge-at-khursipar-chowk-will-impact-business/

Share This Article