बीआईवीवी सेक्टर-6 में खिल उठा उत्साह जोश, उमंग और ऊर्जा से सराबोर रहा वार्षिक खेल महोत्सव

Editor
By Editor 3 Min Read

बच्चों की म्यूजिकल ड्रिल्स और खेल प्रतिभा ने जीता दर्शकों का मन

भिलाई। जीआईटीएफ–भिलाई इस्पात विकास विद्यालय (बीआईवीवी) सेक्टर-6 में वार्षिक खेलकूद समारोह धूमधाम से आयोजित हुआ। विद्यालय परिसर बच्चों की उमंग, उल्लास और जोशीली चीयरिंग से गूंज उठा। छोटे–बड़े सभी विद्यार्थियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ अपना खेल-कौशल प्रदर्शित किया।कक्षा 1 से 3 तथा 4 और 5वीं के बच्चों की रंगारंग म्यूजिकल ड्रिल्स ने समारोह में खास रंग भर दिए। ताल, लय और उत्साह से भरी इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राथमिक वर्ग की विभिन्न प्रतियोगिताओं में नन्हे खिलाड़ियों ने फुर्ती, एकाग्रता और प्रतिभा का प्रभावी प्रदर्शन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि एस. स्वामीनाथन अय्यर, प्रबंध निदेशक–एटमास्को प्राइवेट लिमिटेड रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ओलंपियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित राजेंद्र प्रसाद तथा वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर-7 की प्राचार्या रुबी बर्मन राय उपस्थित रहीं। अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और पौधा भेंट कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। विद्यालय की प्राचार्या पद्मजा नंदकुमार ने गर्मजोशी से अतिथियों का स्वागत किया। कबूतर उड़ाकर समारोह का औपचारिक उद्घाटन किया गया, और इसके साथ ही वातावरण रोमांच और उमंग से भर उठा।

प्रेरक संदेशों से बढ़ाया मनोबल
मुख्य अतिथि एस. स्वामीनाथन अय्यर तथा अन्य विशिष्ट अतिथि राजेंद्र प्रसाद और रुबी बर्मन राय ने बच्चों को खेल के साथ-साथ शिक्षा में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। शिक्षकों के परिश्रम की सराहना करते हुए उनके उत्साह को भी बढ़ाया गया। वृंदा माताजी और अनुराग सर ने भी बच्चों को मार्गदर्शन देते हुए उनके आत्मविश्वास और कौशल को नई दिशा दी। समारोह के दौरान सभी अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए। कार्यक्रम के अंत में  सोनी ने आभार व्यक्त किया। विद्यालय को गोपा वृंदा प्रभु की अनुपम उपस्थिति का सौभाग्य भी मिला। पूरे कार्यक्रम का संयोजन और संचालन मिताली चतुर्वेदी और मंजू सिंह ने सुव्यवस्थित रूप से किया। आयोजन के दौरान खेल भावना, टीमवर्क और अनुशासन की शानदार झलक देखने को मिली, जिसे बच्चों के उमंग भरे चेहरे और जोश से भरे खेल ने और भी यादगार बना दिया।

Share This Article