पदोन्नति आदेश जारी करने की मांग को लेकर संयुक्त संचालक से मिले शिक्षक फेडरेशन के पदाधिकारी

Editor
By Editor 2 Min Read

वरिष्ठता सूची जारी करने की मांग, स्थानीय विद्यालय के शिक्षकों को प्राथमिकता देने की मांग

भिलाई, दुर्ग। छत्तीसगढ़ सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग दुर्ग से मुलाकात कर सहायक शिक्षक से शिक्षक पद तथा शिक्षक से प्रधानपाठक (मिडिल स्कूल) पदोन्नति आदेश शीघ्र जारी करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने चर्चा के दौरान सहायक शिक्षकों की वरिष्ठता सूची तत्काल जारी करने एवं मिडिल स्कूल प्रधानपाठक पद पर लंबित पदोन्नति आदेश जल्द जारी करने पर जोर दिया। साथ ही फेडरेशन ने यह भी मांग रखी कि जिस प्रकार प्राचार्य पदोन्नति में नियम लागू हैं, उसी प्रकार माध्यमिक शाला में जहां पद रिक्त हो, वहां पदस्थ योग्य शिक्षकों को उनकी इच्छा के अनुसार प्रधानपाठक पद पर प्राथमिकता दी जाए।

संयुक्त संचालक ने प्रतिनिधिमंडल को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही किए जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान फेडरेशन ने स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि 4 जनवरी 2026 तक मांगों पर कार्यवाही नहीं होती है, तो 5 जनवरी 2026 को संयुक्त संचालक कार्यालय दुर्ग का घेराव किया जाएगा।

मुलाकात में प्रांतीय संचालक मनीष मिश्रा, कार्यकारी प्रांतीय अध्यक्ष बसंत कौशिक, उपाध्यक्ष देवेंद्र हरमुख, जिला अध्यक्ष दुर्ग कृष्णा वर्मा, जिला अध्यक्ष बेमेतरा पोखन साहू, जिला उपाध्यक्ष दुर्ग संजय चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष दुर्ग सतीश चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष साजा अजय यादव सहित कमल वैष्णव, चंद्रशेखर पटेल, रोशन महिलांगे, खिलावन, नरेश वर्मा, खिलेश्वर देशमुख सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article