सिर व नाक में चोंट के निशान से भाई ने जताई हत्या की आशंका
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहका में फांसी लगाकर युवक ने की खुदकुशी
भिलाई, स्मृति नगर थाना अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहका में एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक का नाम मोहन कुमार रामटेके बताया गया है। मौके पर मिले सुसाइडल नोट में सट्टा खाईवाली करने वाले पुरुष व महिला पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया गया है। शव के सिर व नाक पर चोंट के निशान होने से मृतक के भाई ने खुदकुशी मानने से इंकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। मामले में पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही वास्तविकता सामने आने की बात कही है।
जानकारी के मुताबिक आज सुबह हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहका में किराए के मकान में रहने वाले मोहन कुमार रामटेके की फांसी के फंदे पर लटकती हुई लाश मिली। सूचना पर पहुंची स्मृति नगर थाना पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सुपेला अस्पताल भेज दिया। मौके पर पुलिस को एक सुसाइडल नोट मिला है। सुसाइडल नोट में लिखा है कि मेरी मौत को नजरंदाज ना करें, क्योंकि राजू बोलता है कि पुलिस मेरी जेब में है क्योंकि हम कांग्रेस के नेता हैं। सुसाइडल नोट में यह भी उल्लेख है कि राजू पाल और सोनिया गोस्वामी सट्टा चलाते हैं। उन्होंने मुझे धमकी दिए हैं कि एक लाख रुपए नहीं देने पर किसी मामले में फंसाकर जेल भेज देंगे। राजू से मदद मांगने पर उसने भी इंकार कर सोनिया गोस्वामी का नंबर दे दिया। अब दोनों मिलकर मुझे ब्लैकमेल कर रहे हैं। राजू और सोनिया जैसे लोगों को सजा दी जाए। क्योंकि वे आम आदमी को झांसे में लेकर अपना फायदा उठाते हैं। सुसाइडल नोट के नीचे मृतक मोहन कुमार रामटेके ने अपना हस्ताक्षर किया है।
इस मामले में मृतक के भाई नवीन कुमार रामटेके ने बताया कि मोहन कुमार रामटेके पेंटिंग और कुकिंग का काम करता था। पांच छह महीने पहले ही यहां आकर किराए पर रह रहा था। उसकी दो बेटियां हैं। अभी उनकी मां श्री शंकराचार्य अस्पताल में भर्ती है। आज उसका आपरेशन होना था। भाई मोहन कुमार रामटेके शुक्रवार को देर शाम अस्पताल से घर आया था। आज सुबह भाभी ने फोर करके भाई के नहीं रहने की जानकारी दी। लाश में सिर और नाक पर चोंट के निशान है। फांसी लगाकर खुदकुशी की है तो फिर चोंट कैसे लग गई। इसलिए खुदकुशी के बजाय लग रहा है कि हत्या के बाद खुदकुशी का रंग देने का प्रयास किया गया है। नवीन ने मामले में सही जांच करने का निवेदन पुलिस से किया है।
पीएम रिपोर्ट व जांच से पता चलेगा सच
सीएसपी भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी कोहका में खुदकुशी की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस टीम ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर सुसाइडल नोट मिला है। उसकी वास्तविकता की जांच करनी पड़ेगी। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर ही चोंट के निशान को लेकर कुछ कहा जा सकता है। कुल मिलाकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच से घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकती है।


